मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सौंदत में डकैती की झूठी रिपोर्ट लिखवाने वाले किसान इसरार अहमद, उसकी पत्नी अनवरी खातून और छोटे बेटे अब्दुल वाहिद को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। परीक्षितगढ़ पुलिस ने तीनों के खिलाफ लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में पाया गया कि अब्दुल वाहिद ने मां अनवरी खातून के साथ मिलकर खुद ही घर में डकैती की घटना की पटकथा रची थी।
सौंदत गांव निवासी इसरार ने शुक्रवार को अपने घर में डकैती होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसरार के चार बेटे हैं। तीन बेटों की शादी हो चुकी है, और सबसे छोटा बेटा अब्दुल अविवाहित है। बृहस्पतिवार देर रात नकाबपोश बदमाशों द्वारा अनवरी खातून को बंधक बनाकर 35 लाख की डकैती की सूचना मिलने पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे थे।
एसएसपी अविनाश पांडये ने बताया कि पुलिस ने इसरार के बेटों की कॉल डिटेल चेक की। पुलिस को अब्दुल के मोबाइल डिटेल से कुछ संदिग्ध जानकारी हासिल हुई। पुलिस ने पूछताछ के लिए अब्दुल को बुलाया। सख्ती से पूछने पर अब्दुल ने पुलिस को बताया कि दो महीने से वह ऑनलाइन व ऑफलाइन सट्टा खेला रहा है। सट्टा खेलने के दौरान उसे कई लाख रुपये का नुकसान हो गया। अब्दुल ने सट्टा खेलने के चक्कर में घर में रखा सोना भी बेच दिया। उसने अपनी मां के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी। घटना के समय अब्दुल अपनी बहन के घर पर मौजूद था। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।