मेरठ। लिसाड़ी गेट निवासी तनवीर ने एक दंपती पर मकान बेचने के नाम पर 15 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को तनवीर ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्यामनगर निवासी तनवीर ने शिकायत में बताया कि जून 2024 में उसकी मुलाकात एक दंपती से हुई थी। दोनों ने उससे अपने मकान का सौदा 26 लाख रुपये में तय किया था। तनवीर ने बताया कि सितंबर 2024 में बयाने के नाम पर उसने 10 लाख रुपये दंपती को नगद दे दिए थे। इसके बाद जनवरी 2025 में दो बार में दंपती के खाते में पांच लाख रुपये भेजे थे। आरोप है कि वह एक साल से लगातार दंपती से मकान का बैनामा करने को कहा रहा है लेकिन दंपती न तो बैनामा कर रहे हैं और न ही रकम वापस कर रहे हैं। आरोप यह भी है कि नवंबर में उसने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने मारपीट कर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।