मेरठ। विधानसभा चुनाव-2022 के लिए 10 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन ने स्थलों का चयन कर लिया है। अब लोहियानगर मंडी स्थल और कृषि विवि में मतगणना कराई जाएगी। हाल ही में कृषि विवि, चौधरी चरण सिंह विवि और परतापुर स्थित कताई मिल को देखा जा रहा था। कई दौर की प्रशासनिक अधिकारियों की बातचीत के बाद दो स्थानों का चयन किया गया है। लोहियानगर मंडी स्थल पर किठौर, मेरठ कैंट, शहर, दक्षिण की मतगणना की जाएगी। कृषि विवि में सरधना, हस्तिनापुर और सिवालखास की मतगणना होगी। क्षेत्रवार स्थल बांटने से भीड़ भी कम हो जाएगी।
लोहियानगर मंडी स्थल पर ईवीएम स्ट्रांग रूम को बनाने के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा मोदीपुरम स्थित कृषि विवि में भी गांधी भवन, शोध निदेशालय, प्रसार निदेशालय को जल्द खाली करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। अगले एक-दो दिन में इसे खाली कराकर स्ट्रांग रूम बनाने की प्रक्रिया की जाएगी।