संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका की सोमवार को प्रस्तावित बोर्ड बैठक से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। सभासदों ने विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर बैठक में आवाज उठाने की रणनीति तैयार कर ली है, जिससे हंगामे के आसार बन रहे हैं।
शनिवार को तहसील रोड स्थित सभासद फरमान अंसारी के कार्यालय पर आयोजित बैठक में क्षेत्रीय विधायक अतुल प्रधान सहित कई सभासद शामिल हुए। बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था, टूटी पुलिया और पथ प्रकाश जैसी बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नियमित रूप से नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर पुलिया तो बना दी गई हैं लेकिन उनके रैंप अधूरे हैं। वहीं गली-मोहल्लों में खराब स्ट्रीट लाइट के कारण अंधेरा बना हुआ है।
सभासदों ने कहा कि बार-बार मांग के बावजूद उन्हें एजेंडे के साथ बजट और पिछली बोर्ड बैठकों की प्रतिलिपि उपलब्ध नहीं कराई गई है। बैठक में तय किया कि आगामी बोर्ड बैठक में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र का समुचित विकास कराना है। बैठक में जनहित के मुद्दों पर निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान शहजाद सितारा, वीर सिंह भाटी, नसीम गुर्जर, खालिद अंसारी, तारिक हसन, शाहिद मलिक, कासिम अंसारी, मुकेश कुमार, शकील अहमद सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।