मेरठ। रैपिड रेल दौड़ने से पहले दिल्ली रोड धूल के गुबार से जंग लड़ रहा है। इस जंग से लड़ने का जिम्मा अब पूरी तरह नगर निगम के कंधों पर है। बुधवार को कमिश्नरी सभागार में हुई अहम बैठक में कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी ने साफ शब्दों में आदेश दिए कि रैपिड रेल मार्ग के दोनों ओर 500 मीटर तक की सफाई और पानी का नियमित छिड़काव निगम ही करेगा। बस फिर क्या था, गुरुवार को सुबह-शाम सफाई अभियान ने रफ्तार पकड़ ली और पानी का छिड़काव भी तेजी से कराया गया।
बैठक में नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार, लवी त्रिपाठी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे। शहर की समग्र सफाई व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि रैपिड रेल का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उसके आसपास सफाई की जिम्मेदारी निगम की है। बढ़ते एक्यूआई को रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव अनिवार्य है, जिससे सड़क की धूल नियंत्रित रहे और लोगों को राहत मिले।
सड़क पर मलबे से बढ़ी दुश्वारी
दिल्ली रोड पर बेगमपुल के पास डिवाइडर और नाला निर्माण के चलते सड़क पर पड़ा मलबा पूरे इलाके को धूल-धुआं बना देता है। दिनभर उड़ती धूल से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जाता है और कई बार जाम भी लग जाता है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद निगम तुरंत कार्रवाई नहीं करता। चार-पांच दिन बाद मलबा उठाया जाता है, तब तक सड़क जैसे धूल का अड्डा बनी रहती है।
इनका कहना है....
दिल्ली रोड पर लगातार सफाई और पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। बेगमपुल क्षेत्र में नाले के मलबे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
- सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त।