कोरोनावायरस की जांच के लिए दिल्ली प्रयोगशाला भेजे गए मेरठ के चारों मरीजों के सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, किसी को भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
कोरोना जैसे लक्षणों वाले तीनों मरीजों के सैंपल जांच के लिए पिछले गुरुवार को भेजे गए थे। इनमें भाई-बहन और एक युवती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को घर पर ही आइसोलेशन में रहने की सलाह दी हुई थी।
युवक चीन के वुहान शहर से करीब एक माह पहले लौटा था। उसकी 28 दिन तक निगरानी की गई थी। वह ठीक था। लेकिन पिछले दिनों वह दिल्ली और आगरा गया था। वहां कुछ विदेशी लोगों से भी मिला था। उसे खांसी-जुकाम और बुुखार था। उसकी बहन में भी इसी तरह के लक्षण थे।
इनके अलावा जिस युवती का सैंपल भेजा गया था, वह दिल्ली के एक होटल में जॉब करती है। उसने वहां इटली से लौटे उस व्यक्ति को खाना दिया था, जिसे कोरोना की पुष्टि हुई थी। इन तीनों के सैंपलों की रिपोर्ट मंगलवार को आई, जो नेगेटिव है।
इनके अलावा एक युवक का सैंपल शनिवार को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया था। यह युवक गाजियाबाद में नौकरी करता है। वहीं यह कोरोना जैसे लक्षण वाले मरीज के साथ रहा है। इसकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि रिपोर्ट आने में तो थोड़ी देरी हुई, मगर स्वास्थ्य विभाग के लिए ये राहत की खबर है कि चारों को कोरोना नहीं निकला है। अभी तक मेरठ से आठ सैंपलों की जांच हुई है, सभी नेगेटिव हैं।