मेरठ जिले में शहर से लेकर देहात तक 16 हजार 222 लोग निगारानी में हैं। वहीं रोजाना 316 सैंपल की जांच की जा रही है। अभी तक जिले में 3,522 लोग होम क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं। यह बात जिला अधिकारी अनिल ढींगरा ने बचत भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों से जिले में कोरोना से लड़ने के एक्शन प्लान पर चर्चा की।
डीएम ने बताया कि जिले में निगरानी समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा अभी तक 21 लाख लोगों के घरों तक टीमों ने पहुंचकर उनकी जानकारी जुटाई है। जिले में अभी तक 6,132 सैंपलों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 756 निगेटिव आए हैं।
दो हजार से ज्यादा मुकदमे हो चुके हैं दर्ज
बैठक में एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि लॉकडाउन के पहले दिन से अब तक जिले में दो हजार से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, 3667 अभियुक्त हैं। 36910 वाहनों का चालान किया जा चुका है, जबकि 1457 वाहन सीज किए जा चुके हैं। इससे सात लाख 85 हजार 400 का शमन शुल्क प्राप्त हुआ है।