शहर के मोहल्ला नौकुआं रोड निवासी युवक के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। झिंझाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। कस्बा थानाभवन में पांच लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है।
ये लोग तीन दिन पहले कोरोना संक्रमित मिले व्यापारी के कांटेक्ट वाले बताए गए हैं। कस्बा कांधला में नौ लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। तीन दिन पहले 16 जुलाई को व्यापारी कोरोना पॉजिटिव मिला था। ये सभी लोग उसके क्लोज कांटेक्ट वाले हैं।
कस्बा कैराना के मोहल्ला गुंबद में दो सगे भाईयों के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों भाइयों को तीन दिन पहले बुखार, नजला व खांसी होने पर सीएचसी में सैंपल लिए गए थे। इसके अलावा मोहल्ला सरावज्ञान निवासी महिला 13 जुुलाई को दिल्ली अस्पताल में अपना उपचार कराने गई थी। वहां पर लिए गए सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शनिवार को प्राप्त सैंपलों की रिपोर्ट में 40 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अधिकतर पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव लोगों के कांटेक्ट वाले हैं। कुछ रैंडम सैंपल वाले हैं। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य टीमें रवाना कर दी गई है। इसके अलावा कोविड अस्पताल में भर्ती चार लोग ठीक होने पर डिस्चार्च कर घर भेजा गया है। इस तरह से जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 95 हो गई है।
32 लोगों के रैंडम सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव भूरा और सरकारी अस्पताल पर 32 लोगों के रैंडम सैंपल लिए। चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पिछले दिनों गांव भूरा में एक युवक कोरोना पॉजिटिव आया था। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव भूरा में युवक के आस पड़ोस के अलावा कैराना सरकारी अस्पताल पर कुल 32 लोगों के रैंडम सैंपल लिए है।