अमरोहा के थाना धनोरा के गांव पपसरी खादर निवासी पारुल सिंह शामली कोतवाली में महिला कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। पारुल सिंह की 17 अप्रैल को जिला मुरादाबाद के थाना ठाकुरद्वारा से बरात आनी तय थी, लेकिन पिछले एक माह से पारुल सिंह की ड्यूटी कोरोना संक्रमितो के सैंपल लेने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम की सुरक्षा में लगी हुई हैं।
महिला कांस्टेबल पारुल सिंह कोरोना सैंपल लेने वाली टीम के साथ जाती हैं। वैश्विक महामारी के विरुद्ध चल रही जंग में योद्धा की भूमिका निभा रही पारुल सिंह ने 17 अप्रैल को होने वाली अपनी शादी को पीछे हटा दिया है और दिन रात स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रही हैं।
पारुल सिंह ने बताया इस समय उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी लोगों को कोरोना से बचाने की है। शादी तो बाद में भी हो जाएगी। पारुल सिंह ने बताया की कोरोना महामारी खत्म होने के बाद ही वह शादी करेंगी। उसके इस फैसले से उसके माता-पिता के अलावा ससुराल वाले भी खुश हैं।