मेरठ जनपद में कोरोना के खौफ के कारण कैंपस और कॉलेज बंद होने के बाद अब कई जगहों पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। सीसीएसयू कैंपस में शिक्षक जहां छात्र-छात्राओं को ईमेल से लेक्चर भेज रहे हैं, वहीं एमआईईटी ने वीडियो लेक्चर शुरू करा दिया है। इसके चलते छुट्टी में भी छात्र-छात्राएं घर बैठकर आराम से पढ़ाई पूरी कर रहे हैं।
कोरोना ने पूरे देश में हर संस्थान को बंद करा दिया है। ऐसे में सबसे ज्यादा प्रभावित छात्र-छात्राएं हो रहे हैं। इसको देखते हुए दिल्ली में तमाम शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन क्लासेस शुरू हो चुकी हैं। मेरठ में भी कई जगहों पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। बीटेक के छात्र प्रखर, पुलकित अभिषेक और वासु बताते हैं कि उनके कॉलेज एमआईईटी की तरफ से ऑनलाइन क्लास शुरू करा दी गई है। वीडियो लेक्चर के साथ ही रोजाना होमवर्क भी दिया जा रहा है। कुछ लेक्चर के वीडियो डाले जा रहे हैं तो कुछ लेक्चर ऑनलाइन चल रहे हैं। छात्र बताते हैं कि इससे अब वे घर पर रहकर पढ़ाई भी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना: लॉकडाउन के लिए सख्त हुए अफसर, मेरठ की सीमा सील, 97 स्थानों पर लगाए बैरियर, देखें तस्वीरें
इसके अलावा कैंपस की बात करें तो यहां भी कई शिक्षकों ने ईमेल के जरिए छात्र-छात्राओं को लेक्चर भेजने शुरू कर दिए हैं। फिजिक्स विभाग के प्रोफेसर वीरपाल सिंह बताते हैं कि उन्होंने छात्र-छात्राओं को लेक्चर भेजने शुरू कर दिए हैं। पढ़ाई के अलावा शहर में कई कोचिंग संस्थानों ने भी ऑनलाइन क्लास शुरू करा दी है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि ऑनलाइन क्लास से अच्छा विकल्प कोई नहीं हो सकता है।
स्वयं एप और दूसरे माध्यम से कर रहे तैयारी
छात्र-छात्राओं ने खुद भी ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कर दी है। सीसीएसयू की वेबसाइट पर स्वयं एप के माध्यम से छात्र-छात्राएं ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। छात्र बताते हैं कि इस एप पर आईआईटी के प्रोफेसर के बहुत लेक्चर हैं। इनसे काफी पढ़ाई की जा सकती है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/