कोरोना संक्रमण के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। छह जिलों में 32 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3128 नए संक्रमित मिले हैं।
मेरठ में शुक्रवार को 9141 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 1288 मरीज मिले, जबकि 12 की मौत हो गई। संक्रमण की दर 14 प्रतिशत से ऊपर रही। ज्यादातर नए मामले गंगानगर, करनावल, मुल्हेड़ा, भगवानपुर, पबरसा, वेदव्यासपुरी, ब्रह्मपुरी, जयभीमनगर, मेडिकल कॉलेज, शास्त्री नगर, जागृति विहार, कंकरखेड़ा, खरखौदा, लखीपुरा और राजेंद्र नगर आदि के हैं।
कोरोना से शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो मेरठ के और बाकी आसपास के जिलों के रहने वाले थे। वहीं सूरजकुंड पर शुक्रवार को 47 शवों का अंतिम संस्कार किया गया, 21 में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हुआ।
मेडिकल प्रशासन के मुताबिक, मृतकों में मेरठ की 60 वर्षीय महिला और 67 वर्षीय व्यक्ति थे। 35 और 40 साल के दो लोग बागपत, 44 साल की महिला और 46 वर्षीय व्यक्ति गाजियाबाद, 57 वर्षीय व्यक्ति औरैया, 60 साल के व्यक्ति दिल्ली, 65 वर्षीय व्यक्ति अमरोहा, 64 वर्षीय व्यक्ति मुजफ्फरनगर, 47 व 74 साल के दो व्यक्ति अज्ञात हैं। मेडिकल से इनके परिजनों और इन जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है।
वहीं रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर जांच की गई। रेलवे स्टेशन पर 70 लोगों की कोरोना की जांच की गई। इनमें एंटीजन में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला। वहीं, बस अड्डे पर 15 लोगों की जांच की गई। इनमें एंटीजन में किसी को कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: मेरठ में अस्पतालों का हाल: भर्ती होना है तो अपनी ऑक्सीजन लेकर आओ... सबूत हैं ये तस्वीरें