मेरठ में कोरोना की चेन लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार दोपहर को जिला अस्पताल के सफाई सुपरवाइजर में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं कोरोना संक्रमित का इलाज करने वाले न्यूट्रिमा हाॅस्पिटल के सीनियर डाॅक्टर विश्वजीत बेंबी को क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं अस्पताल की ओपीडी को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।
बताया गया कि न्यूट्रिमा हाॅस्पिटल के डाॅक्टर विश्वजीत बेंबी ने जिस मरीज का उपचार किया था उसमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। ऐसे में संक्रमण की चेन को देखते हुए उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है। वहीं अस्पताल को भी सैनिटाइज किया गया है। डाॅ. विश्वजीत बेंबी का कहना है कि उन्होंने मरीज को अस्पताल के बाहर लगे टेंट में उपचार दिया था इसलिए उस क्षेत्र को सैनिटाइज कर दिया गया है। वहीं अस्पताल की ओपीडी को 48 घंटे के लिए बंद कर दी गई है।
उधर जिला अस्पताल में नर्स में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद हड़कंप मचा हुआ था वहीं मंगलवार को सफाई सुपरवाइजर के सैंपल की जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित को आइसोलेट करा दिया है।
रोहटा में दो नए हाॅटस्पाॅट
रोहटा क्षेत्र के नारंगपुर गांव ब्लॉक रोहटा का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जानकारी मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सीएचसी रोहटा की टीम ने युवक को मुलायम सिंह यादव हॉस्पिटल खरखौदारेफर किया गया।
बताया गया कि संक्रमित मंडी से सब्जी लाकर गांव में बेचता था। गांव को सील करने की तैयारी। सीएचसी प्रभारी डाॅ. विपिन कुमार ने बताया की युवक मेरठ मंडी से सब्जी लाकर गाँव में बेचता है। जिसका दो दिन पहले जांच के लिये सैम्पल लिया गया था। सोमवार रात को जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया।
मंगलवार को सुबह कोरोना पॉजिटिव को एम्बुलेंस के माध्यम से मेरठ भेजा गया। वहीं युवक के संक्रमित होने पर उसके संपर्क में आने वालो की जानकारी की जा रही है। अब रोहटा ब्लॉक में दो हॉटस्पॉट गांव हो गए हैं।