बिजनौर जिले में रोजाना बहुतायत संख्या में कोरोना संक्रमित केस मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद में मंगलवार को 191 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। इनके साथ में 1945 जांच रिपोर्ट निगेटिव आईं। नए मरीजों में बिजनौर इलाके से 112 लोग शामिल हैं। अब सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 1369 पर पहुंच गए हैं।
मंगलवार को प्राप्त हुई कोरोना की कुल 2136 जांच रिपोर्ट में से 191 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनके साथ में 1945 जांच रिपोर्ट निगेटिव आईं। जिले में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 6219 हो गई है। इनमें से अब तक 4781 मरीजों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है, जबकि 69 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 1369 पर पहुंच गए हैं। सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार अब तक जिले से कुल चार लाख 29 हजार 949 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से कुल चार लाख 26 हजार 833 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इनमें से 6219 लोग कोरोना पॉजिटिव और चार लाख 20 हजार 614 जांच रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी हैं। वर्तमान में 3116 जांच रिपोर्ट लंबित हैं। अब तक लगभग 4781 लोगों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है। अब तक कोरोना से कुल 69 लोगों की मौत हुई है और वर्तमान में 1369 सक्रिय उपचाराधीन केस हैं। नए मरीजों में बिजनौर इलाके से 112, किरतपुर इलाके से 25, नजीबाबाद क्षेत्र से 18, अफजलगढ़ इलाके से तीन, धामपुर तथा स्योहारा, जलीलपुर क्षेत्र से चार-चार, हल्दौर एवं नहटौर इलाके से छह-छह लोग शामिल हैं।
15 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव
पंचायत चुनाव में ड्यूटी के लिए आए 130 पुलिसकर्मियों में से 15 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। धामपुर तहसील में पंचायत चुनाव कराने आए पुलिस कर्मियों की जांच मंगलवार को नहटौर अस्पताल में कराई गई। इसमें 130 पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच की गई। चिकित्सा अधिकारी डा. गुरु चरण सिंह के मुताबिक, 130 पुलिस कर्मियों में से 15 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
उधर, बागपत में मंगलवार को कोरोना के 118 नए मरीज मिले, अमीनगर सराय में कोरोना संक्रमित महिला की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा जिले में एक भाजपा नेता की भी मौत हो गई।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और प्रसिद्ध व्यवसायी वीरेश तोमर की कोरोना संक्रमण के कारण मंगलवार को मौत हो गई। इससे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने बताया कि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेश तोमर की कारोना जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद 17 अप्रैल को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से उन्हें गाजियाबाद और फिर नोएडा के निजी अस्पताल के लिए रेफर किया। मंगलवार सुबह नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर सभी राजनीति दलों के पदाधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
वहीं सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, जिला अध्यक्ष सूरजपाल सिंह, जिला महामंत्री बिजेंद्र शर्मा, राकेश जैन, डॉ. नीरज कौशिक, सत्यवर्त आर्य, जिला मीडिया प्रभारी पवन शर्मा आदि ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। दूसरी तरफ वीरेश तोमर के निधन पर बसपा नेता मोहित आनंद, बिक्रम भाटी, बबलू कौशिक, मांगेराम जाटव, हाजी फिरोज, हरपाल टटीरी, श्यामसुंदर गौतम, सुनील दाहा, शशिकांत प्रेमी ने दुख व्यक्त कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें: यूपी: तेजी से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा, श्मशान घाटों पर अव्यवस्था का आलम, पढ़िए पूरी रिपोर्ट