मेरठ मेडिकल काॅलेज के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कोरोना संदिग्ध मरीज मंगलवार सुबह आइसोलेशन वार्ड की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। कोरोना संदिग्ध के फरार होने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस प्रशासन में भी खलबली मच गई है। अधिकारी मौके पर ही मौजूद हैं। फरार हुए संदिग्ध की तलाश की जा रही है।
मेडिकल के प्राचार्य डाॅ. आरसी गुप्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि शहर के लखीपुरा निवासी 23 वर्षीय यह संदिग्ध मरीज 19 अप्रैल को कोविड-19 अस्पताल के कोरोना संदिग्ध वार्ड में क्वारंटीन कराया गया था।
आज सुबह यह मरीज अस्पताल की पहली मंजिल पर बने आइसोलेशन वार्ड से चादर की रस्सी बनाकर खिड़की से कूदकर फरार हो गया। जानकारी लगने पर मेडिकल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
प्राचार्य डाॅ. आरसी गुप्ता ने बताया कि युवक की सैंपल जांच की रिपोर्ट आ गई है जिसमें कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश कर रही है।