मुंडाली। गांव शफियाबाद लोटी एवं अजराड़ा में क्वारंटीन किए गए 36 लोग नेगेटिव पाए जाने एवं 14 दिन का क्वारंटीन पूरा होने पर घर भेज दिए गए। वहीं, सोशल डिस्टेसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
शफियाबाद लोटी निवासी एक युवक दिल्ली में चिकित्सक है। वह बीती छह अप्रैल को गांव लोटी से दिल्ली गया था। उसका वहां सैंपल टेस्ट हुआ तो उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उक्त चिकित्सक ने लोटी के ग्राम प्रधान ऋषिपाल अधाना एवं अपने परिजनों को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना दी थी। प्रधान ऋषिपाल अधाना ने इसकी जानकारी सीएचसी प्रभारी खरखौदा डॉ. रविंद्र कुमार सिरोहा को दी। इस पर डॉ. सरोहा ने दिल्ली में तैनात चिकित्सक से परिजनों एवं मुलाकात करने वाले 23 महिला एवं पुरुषों को मदरसे में क्वारंटीन किया। इसी प्रकार से गांव अजराड़ा के 13 लोग भी जमातियों से मिले थे। उन्हें भी अजराडा के विद्यालय में क्वारंटीन किया। सीएचसी खरखौदा प्रभारी ने बताया कि दोनों जगह के 36 लोगों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल भेजे गए थे। सभी के सैंपल की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन्हें भी 14 दिन क्वारंटीन पूरे हो गए। अब जांच के उपरांत दोनों स्थानो के 36 लोगों को उनके घर भेजा। इस दौरान पुलिस चौकी शफियाबाद लोटी के इंचार्ज दरोगा सविन तोमर, ग्राम प्रधान शफियाबाद लोटी ऋषिपाल अधाना रहे। उन्हें निर्देश दिया कि सभी लोग साबुन से हाथ धोएं, किसी भी व्यक्ति से हाथ न मिलाएं, खांसते या छींकते समय मुंह पर रुमाल जरूर रखें, सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का प्रयोग करें, सार्वजनिक स्थलों पर न जाए तथा अपने घर के अंदर ही रहें। क्वारंटीन के बाद आई नेगेटिव रिपोर्ट देख उनके चेहरे पर खुशी दिखी।