सोनू शेखर और उनकी माता का फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
मेरठ में राजकीय विद्यालय कुर्ला के प्रधानाचार्य सोनू शेखर की माता का भी आज न्यूटिमा अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह कोरोना संक्रमित थीं। इससे पहले सोनू शेखर की शनिवार रात को कोरोना से मौत हो गई थी। गंभीर बात यह है कि सोनू शेखर का जहां हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार सूरजकुंड पर उनके पारिवारिक मित्रों ने किया था। वहीं अब उनकी माता को मुस्लिम होने के कारण कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। लेकिन इस प्रक्रिया को कौन संपन्न कराएगा, इसे लेकर अब उनके मित्रगण भी परेशान हैं। उधर, राज्यमंत्री विजय कश्यप का सहारनपुर जनपद के कस्बा ननौता में अंतिम संस्कार किया गया।
उधर, हस्तिनापुर के जलालपुर मकबूलपुर निवासी 32 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र सुक्खू की कोरोना से मौत हो है। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णपाल ने ग्राम पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान के साथ मिलकर जोर शोर से चुनाव प्रचार किया था। इसके बाद वह संक्रमित हो गए थे। जांच में उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। कई दिनों तक मेरठ के एक अस्पताल में उनका चला था। वहीं दौराला थाना क्षेत्र के अझौता गांव के पूर्व प्रधान कुलदीप सैनी की भी कोरोना की चपेट में आने से मौत हो गई। उनका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। बताया गया कि बुधवार सुबह उनकी मौत हुई है। इसके अलावा कस्बा लावड़ में सैनीनगर निवासी एक युवक की आज सुबह बुखार से मौत हो गई।
वहीं फलावदा क्षेत्र में ब्लैक फंगस बीमारी की दस्तक से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक महिला इस बीमारी से पीड़ित है। पीड़ित महिला का उपचार कराया जा रहा है।
कल हुई थी भाजपा विधायक विजय कश्यप की मौत
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश के बाढ़ नियंत्रण एवं राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन हो गया है। वे करीब 20 दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार की रात करीब दस बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पीएम मोदी व मुख्यमंत्री सीएम योगी ने उनके निधन पर शोक जताया है। प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने मेदांता अस्पताल के संचालक डॉ. नरेश त्रेहान से बात कर कश्यप के निधन की पुष्टि की थी।