ज्यादा खतरनाक नहीं नया वेरिएंट, एक प्रतिशत मरीज भी अस्पताल में नहीं : सीएमओ
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि कोरोना का फैलाव ज्यादा जरूर है, मगर ज्यादा खतरनाक नहीं है। एक प्रतिशत मरीज भी अस्पतालों में भर्ती नहीं हैं। ज्यादातर मरीज घर पर ही इलाज से ठीक हो जा रहे हैं। जो पहले से गंभीर बीमार है, वही हाईरिस्क पर हैं। इसलिए घबराएं नहीं, एहतियात बरतें।
60 साल से ज्यादा के 65511 लोगों को आज से लगेगा टीका
मेरठ में 60 साल से ज्यादा उम्र के पहले से विभिन्न बीमारियों से घिरे (कॉमॉर्बिड) लोगों का टीकाकरण सोमवार से किया जाएगा। ऐसे 65511 लोग चिह्नित किए गए हैं। हेल्थ केयर वर्कर और फ्रंट लाइन वर्कर को तीसरी डोज भी लगाई।
हेल्थ केयर वर्कर 24792 हैं, जिनमें से पहली डोज सबको लगी हुई है। दूसरी डोज इनमें से 22126 को लगी हुई है। वहीं फ्रंट लाइन वर्कर 24846 हैं। इनमें से पहली डोज सबको लगी हुई है, जबकि दूसरी डीज इनमें से 21246 लगी हुई है।
रविवार को बारिश के कारण कम टीकाकरण हुआ। 1576 किशोरों समेत 5274 ने टीका लगवाया। अभी तक किशोरों में टीके को लेकर उत्साह रहा है। पिछले छह दिनों में 37878 को टीका लग चुका है। स्कूलों में भी टीकाकरण किया जा रहा है।
जिले में अब तक 22 लाख से अधिक लोग पहली डोज लगवा चुके हैं, जबकि इनमें से 14 लाख से ज्यादा को दोनों डोज लग चुकी हैं। दोनों डोज लगने के बाद ही टीकाकरण पूर्ण माना जाता है। अभी जिले में 18 साल से ज्यादा उम्र के तीन लाख से ज्यादा लोग ऐसे हैं, जिन्हें एक भी डोज नहीं लगी है। सोमवार को 267 बूथों पर 15 से 17 साल और 18 साल से ज्यादा उम्र वाले 37100 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।
जिले में जारी रहेगा रात्रिकालीन कर्फ्यू
कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने प्रदेश में रात्रिकालीन कर्फ्यू को रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक जारी रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी तक 15 से 17 साल के किशोरों को कोविड टीकाकरण की प्रथम डोज दिला दें। संबंधित विभाग के अधिकारी इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल रूम में रोजाना उपस्थित होकर कोविड प्रबंधन के लिए काम करें।
जिलाधिकारी, एसएसपी आदि प्रतिदिन यहां नए कोरोना केस के संबंध में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा करें। कोरोना महामारी को न्यूनतम स्तर पर लाने के पूरे प्रयास किए जाएं। वहीं जिलाधिकारी के. बालाजी ने शासन से निर्देश मिलने के बाद रात्रिकालीन कर्फ्यू जारी रखने के निर्देश दिए हैं।