मेरठ। स्टेट कंट्रोल रूम के मीडिया बुलेटिन और मेरठ स्वास्थ्य विभाग के कोरोना के मरीजों के आंकड़ों में फर्क है। यह अंतर शुरू से चला आ रहा है, जिसमें सुधार नहीं हो रहा है।
उत्तर प्रदेश डायरेक्टरेट ऑफ हेल्थ सर्विस की तरफ से जारी होने वाले कोरोना के आंकड़ों में 27 मई तक मेरठ में 402 मरीज मिल चुके हैं। 285 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं, 23 की मौत हो चुकी है, जबकि 94 का इलाज चल रहा है। वहीं, मेरठ स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 27 मई तक 398 मरीज मिले हैं, 24 की मौत हुई है और 95 का इलाज चल रहा है। पहले कानपुर के मरीज को मेरठ स्वास्थ्य विभाग अपने यहां गिनती नहीं कर रहा था। लेकिन यह अंतर अब चार मरीज का है। इसके अलावा स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े 27 मई की रात 8 बजे तक के हैं, जबकि स्टेट कंट्रोल रूम के आंकड़े शाम 6 बजे तक के हैं। अगर स्टेट के आंकड़े भी रात तक के अपडेट हों तो यह संख्या और ज्यादा हो सकती थी।
यह अंतर क्यों है
इस संबंध में सीएमओ मेरठ डॉ राजकुमार का कहना है कि आंकड़ों में थोड़ा अंतर है। मेरठ स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े सही हैं। स्टेट के आंकड़े भी इसी हिसाब से अपडेट किए जाएंगे। पता किया जा रहा है कि यह बदलाव क्यों है। जल्द ही आंकड़ों का मिलान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई बार मरीज मेरठ में अपडेट हो जाता है, बाद में पता चलता है कि वह मरीज दूसरे जिले का था। मेडिकल कॉलेज में वेस्ट यूपी के मरीज आते हैं, जिस कारण कई बार दूसरे जिले का मरीज मेरठ में गिना जाता है।