हिंदू सम्राट मिहिर भोज के बोर्ड को लेकर दो जातियों के लोगों में विवाद, गुढ़ा गांव में गुर्जर समाज की महापंचायत आज
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव गुढ़ा में हिंदू सम्राट मिहिर भोज के बोर्ड को लेकर दो जातियों के लोगों में विवाद चल रहा है। इसे लेकर गुर्जर समाज के लोगों ने मंगलवार को गांव में महापंचायत का एलान किया है। जिसके लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी मवाना निवासी आकाश गुर्जर ने बताया कि गांव के मुख्य चौराहे पर गुर्जर समाज के युवाओं ने हिंदू सम्राट मिहिर भोज के बोर्ड पर गुर्जर चौक लिखकर लगाया था। गांव में ही दूसरी जाति के लोगों ने जाहरवीर चौक लिख दिया जिससे गुर्जर समाज में आक्रोश है। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने बोर्ड को वहां से हटा दिया। महापंचायत में गुर्जर समाज के सम्मानित व्यक्ति पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर, चौधरी सोनू गुर्जर मिर्कपुर अध्यक्ष राष्ट्रीय वीर गुर्जर सेना, नेपाल सिंह कसाना नोएडा, कपिल गुर्जर, राहुल गुर्जर, आदि पंचायत में भाग ले रहे हैं। मामले में थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक गांव में होने वाली महापंचायत की उन्हें कोई सूचना नहीं है।
एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि पंचायत की जानकारी पुलिस को नहीं है। इस मामले की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ने देेंगे। थाना पुलिस दोनों समुदाय के लोगों से बात करेगी।
सोशल मीडिया पर की जा रही महापंचायत में पहुंचने की अपील
गुढ़ा गांव हिंदू सम्राट मिहिर भोज के बोर्ड को लेकर गांव में होने वाली गुर्जर समाज की महापंचायत को सफल बनाने के लिए गुर्जर समाज के लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से महापंचायत में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग गांव में भी जनसंपर्क करते दिखे।