मेरठ। तीन साल बाद रेट बढ़ाएं, टेंडर की प्रक्रिया पूरी की और फिर भी पांच महीने से उसे लागू न करने पर नगर निगम के जलकल विभाग में काम करने वाले ठेकेदारों ने नाराजगी जताई। इस मामले में मंगलवार भाजपा और विपक्ष के पार्षदों ने हंगामा किया। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
गर्मी के दिनों में रोजाना पांच-छह जगह पर पाइप लाइन टूटने की शिकायत कंट्रोल रूम में आती है। कुछ ठेकेदारों ने बताया कि दिसंबर 2024 में जलकल विभाग ने कार्यों के रेट में बढ़ोतरी की गई थी। टेंडर प्रक्रिया में सभी कार्य कराने की बात कही गई थी। नगर निगम ने नई प्रक्रिया अब तक चालू नहीं की। राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से भी शिकायत की गई थी। मंगलवार को ठेकेदारों ने नाराजगी जताकर पार्षदों को इसकी जानकारी दी। भाजपा पार्षद संजय सैनी, पवन चौधरी, दीपक वर्मा, नरेश वर्मा सहित 10-12 पार्षदों ने नगर आयुक्त से शिकायत की। पार्षदों ने कहा कि जलकल विभाग में जो रेट निर्धारित किए है, उनको लागू किया जाए। अगर आपत्ति है तो तुरंत निरस्त किया जाए। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने एक सप्ताह में इस समस्या का समाधान करने की बात कही।