संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका परिसर में निर्माणाधीन जल निगम कार्यालय में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किए जाने का आरोप लगने के बाद कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है। वार्ड 17 के सभासद खालिद अंसारी ने शिकायत करते हुए कहा कि निर्माण कार्य नियमों के विपरीत और घटिया सामग्री के साथ किया जा रहा है।
सभासद अंसारी ने बताया कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सड़क किनारे दुकान निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन इसके बावजूद जल निगम का कार्यालय दीवार से सटाकर शुरू कर दिया गया। आरोप है कि निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की ईओ दीपिका शुक्ला ने निर्माण कार्य तुरंत रोक दिया। ईओ ने बताया कि जेई को निर्माण सामग्री की जांच के लिए निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्य फिर से शुरू किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की जाएगी।