मेरठ। केंद्र सरकार की तरफ से किसी भी स्थिति से निपटने की विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। रेल मंत्रालय ने दिल्ली मंडल के सभी स्टेशनों को आइसोलेशन कोच बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत मेरठ सिटी स्टेशन को भी पांच कोच को आइसोलेशन कोच में बदलने का आदेश मिला है।
पिछले कुछ दिन से रेलवे में भी कोच को इमरजेंसी में रखने की कवायद चल रही है। इसे सरकार ने हरी झंडी दिखा दी है। इस कार्य को सिटी स्टेशन के कोच केयर सेंटर में शुरू कर दिया है। जिससे जल्द कोच को तैयार कर दिल्ली भेज दिए जाएंगे। इसके लिए नौचंदी एक्सप्रेस के कोच को लिया गया है। मुख्य कोचिंग डिपो अधिकारी एसके गुप्ता का कहना है कि मुख्यालय से पांच कोच बनाने का निर्देश मिला है। हालांकि, कर्मचारियों के नहीं आने से दिक्कतें आ रही हैं। फिर भी तय समय में इन कोचों को तैयार कर दिल्ली भेज दिया जाएगा। सभी कोच में रंगाई-पुताई शुरू करा दी है। जिससे कहीं भी कोच में गंदगी न दिखाई दे।
ऐसा बनाया जाएगा कोच
आइसोलेशन कोच को बनाने के लिए इसके अंदर बदलाव किए जा रहे हैं। कोच के स्लीपर कक्ष में मौजूद बीच की सीट को हटाया जा रहा है। वहीं, कोच के दोनों तरफ मौजूद टॉयलेट को बदलकर बाथरूम बनाने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त जगाधरी से कुछ सामान भी सिटी स्टेशन भेजा गया है। वहीं, कोच के अंदर मेडिकल किट के लिए जरूरी हुक समेत लॉकर भी लगाया जाएगा। हालांकि अभी मेडिकल किट के इंस्टालेशन की जानकारी कोच केयर सेंटर को नहीं दी गई है।