मेरठ में गुरूवार को सवारी ढोने की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने बेगमपुल चौराहे पर एक एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया। काफी देर एंबुलेंस पुलिस के कब्जे में रही। बाद में एक अस्पताल संचालक द्वारा पुष्टि करने के बाद एंबुलेंस को छोड़ा गया।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने एक बिना नंबर की एंबुलेंस को बेगमपुल चौराहे पर रोका। चालक से पूछने पर पुलिस को कोई उचित जवाब नहीं मिला। एंबुलेंस को चौकी पर खड़ा करा लिया गया। चालक असलम ने बताया कि वह मरीज को छोड़कर आया है।
पुलिस को उसने कुछ कागजात भी दिखाए। एंबुलेंस पर नंबर प्लेट न होने को लेकर वह उचित जवाब नहीं दे पाया। कुछ देर बाद एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि एंबुलेंस बुलंदशहर स्थित त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज की है।
यह एंबुलेंस गढ़ रोड स्थित एक अस्पताल में लगी हुई है। सदर बाजार पुलिस ने इसकी छानबीन की। सूचना सही मिलने पर चालक को चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया। सदर बाजार पुलिस ने बताया कि सवारी ढोने की शिकायत पर एंबुलेंस रोकी गई थी। जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया। बाद में एक चिकित्सक के फोन पर एंबुलेंस को छोड़ दिया गया।