- राज्यमंत्री के निर्देश के बाद खादर क्षेत्र के लोगों में जगी उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। नया गांव से मखदूमपुर तक खादर क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों को मुख्यालय से जोड़ने वाले 22 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से जर्जर पड़े इस मार्ग पर राज्य मंत्री दिनेश खटीक के निर्देश के बाद निर्माण कार्य दोबारा गति पकड़ने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है।
सड़क का चौड़ीकरण कार्य करीब सात माह पहले शुरू हुआ था लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते निर्माण बीच में ही ठप पड़ गया। अधूरी सड़क और उखड़े मार्ग के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटनाएं भी हुईं। स्थानीय ग्रामीण लगातार निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग कर रहे थे।
करीब एक सप्ताह पूर्व खादर क्षेत्र में स्थित फतेहपुर प्रेम गंगा मंदिर में आयोजित बाढ़ जागरूकता पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्या राज्य मंत्री दिनेश खटीक के समक्ष रखी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने और सड़क को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री के निर्देश के बाद मखदूमपुर की ओर से सड़क के चौड़ीकरण और लेपन का कार्य फिर से शुरू हो गया है।
कपिल, सरदार सुंदर सिंह, पंकज चौधरी, गौतम चौहान, रामबीर आदि ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी तीन बार निर्माण कार्य शुरू हुआ लेकिन कुछ दिन बाद बंद हो गया था। ऐसे में लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि इस बार कार्य बिना बाधा के नया गांव तक पूरा हो सके। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण ग्रामीणों ने समय पर निर्माण पूरा कराने की मांग की है।
कोट...
विभागीय अधिकारियों को खादर क्षेत्र के मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। -दिनेश खटीक, राज्य मंत्री