मेरठ/किठौर। डेढ़ महीने पहले अपहृत हुई युवती को पुलिस ने तलाश कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट में युवती के बयान कराए। युवती ने भी खुद को बालिग बताते हुए गढ़मुक्तेश्वर निवासी प्रेमी अमरनाथ के साथ ही रहने की बात कही। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी को सौंप दिया। वह उसे लेकर अपने घर चला गया। उधर, अपहृत युवती की तलाश करने की मांग करते हुए कांग्रेसियों ने किठौर थाने पर धरना दिया। युवती के मिलने की जानकारी पर धरना खत्म कर चले गए।
हापुड़ जनपद के कस्बा गढ़मुक्तेश्वर निवासी अमरनाथ किठौर थाना क्षेत्र के कस्बा शाहजहांपुर स्थित बंधन बैंक में कलेक्शन एजेंट है। 20 जनवरी को वह कस्बा किठौर से एक समुदाय की युवती को लेकर चला गया था। पिता ने बेटी को नाबालिग बताते हुए अमरनाथ के खिलाफ 22 जनवरी को अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती को तलाश करने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई थी। इस मामले में 28 फरवरी को युवती के परिजन कांग्रेस नेता मुहम्मद आसिफ के नेतृत्व में थाना प्रभारी से मिले। पुलिस ने परिजनों को 48 घंटे में युवती की तलाश करने का आश्वासन दिया था।
पुलिस ने बुधवार को युवती को बरामद कर उसकी डॉक्टरी कराकर कोर्ट में पेश कर दिया। युवती ने कोर्ट में खुद को बालिग बताया। साथ ही अपनी मर्जी से अमरनाथ के साथ जाने और अब उसके साथ ही रहने की बात कही। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि कोर्ट ने युवती को अपने प्रेमी के साथ रहने के आदेश दिए हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया।
उधर, आश्वासन के बाद चार दिन बीतने पर भी युवती नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता मुहम्मद आसिफ, भारतीय किसान मोर्चा पदाधिकारी आस मोहम्मद पीड़ित परिजनों और कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को थाने के बाहर बैनर लगाकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। उन्होंने बेटी को तलाश करने की मांग करते नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच धरना दे रहे लोगों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। दोपहर बाद पुलिस ने धरना दे रहे लोगों को बताया कि युवती को तलाश कर लिया गया है। जिसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस जानकारी के बाद धरना दे रहे लोग धरना खत्म कर चले गए।