मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के खुशहालनगर में मकान के कब्जे के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष के लोगों पर मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया। वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। वहीं, आरोपी पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को खदेड़ा। दस दौरान दो महिलाओं सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
खुशहालनगर निवासी आसिफ ने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पूर्व अनीस निवासी रोहटा से एक मकान 55 लाख रुपये में खरीदा था। मकान के 48 लाख रुपये देने के बाद छह लाख रुपये बैनामे के समय देने की बात हुई थी। आरोप है कि जब आसिफ ने अनीस से बैनामे के लिए कहा तो अनीस ने ज्यादा कीमत बताते हुए बैनामा से इनकार कर दिया। इसका मामला अब कोर्ट में चल रहा है।
अनीस का आरोप है कि उसने खुशालनगर में एक मकान खरीदा था। आरोप है कि खरीदने के बाद मकान सात माह पूर्व गांव के ही आसिफ को किराए पर दिया तो आसिफ ने मकान पर कब्जा कर लिया।
आरोप है कि मंगलवार को जब अनीस मकान खाली कराने पहुंचा तो आसिफ ने अपने साथियों के साथ मिलकर अनीस के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसके चलते अनीस ने भी अपने साथी बुलाकर आसिफ ओर उसके साथियों के साथ मारपीट की। मारपीट और हंगामे के दौरान कार, बाइक और स्कूटर सहित अन्य वाहन तोड़ दिए गए। घटना में आसिफ, इस्लामुद्दीन, गुलफाम और उसका बेटा कैफ घायल हुआ है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाठियां फटकार कुछ लोगों को खदेड़ा जबकि 12 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें अनीश, इस्लामुद्दीन, नूर हसन, समीर, मुजम्मिल, अरशद, अनस, शकील, वकील, सद्दाम, अफसाना और मीना शामिल हैं। इनके सहित कुल 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना पुलिस के मुताबिक कई आरोपी पास के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं।