मेरठ के परतापुर क्षेत्र में ठक ठक गिरोह काफी दिन से सक्रिय है। मंगलवार दोपहर मेरठ दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित सोलाना गांव के पीछे गिरोह के सदस्यों ने कार से तेल निकलना बताकर इंजीनियर का बैग उड़ा दिया। इसमें एक लैपटाप, कुछ जरूरी कागजात के अलावा 10 हजार रुपये रखे थे। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने लुटेरों की काफी तलाश की, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे।
मुजफ्फरनगर में एक प्राईवेट कंपनी में सीनियर इंजीनियर अवधेश कुमार मंगलवार दोपहर बाद कार से जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित सोलाना गांव के पीछे पहुंची तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने कार को रुकने का इशारा किया।
कार रुकी तो इंजीनियर चालक ने कार का शीशा उतारकर पूछा तो युवकों ने कहा कि आपकी कार से तेल निकल रहा है। चालक ने जैसे ही नीचे उतर कर देखा तो इतनी ही देर में दूसरे युवक ने कार में हाथ डालकर गाड़ी में रखे बैग को उठा लिया। फिर दोनों बाइक पर बैठकर भाग निकले।
इंजीनियर अवधेश कुमार ने एक्सप्रेसवे पर लिखे हाईवे पुलिस और कंट्रोल रूम नंबर पर डायल किया। कुछ ही देर में हाईवे से गुजर रही पुलिस जिप्सी पहुंची तो पीडित इंजीनियर ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने लुटेरों की काफी तलाश की, मगर वे नहीं मिल सके। बाद में परतापुर थाने में तहरीर दी गई।