मंडी उपनिदेशक की हालत अब तक स्थिर
गंगानगर (मेरठ)। गंगानगर की कोजी कॉलोनी में नौकर द्वारा कॉफी में जहरीला पदार्थ देने के बाद मंडी उपनिदेशक प्रवीण कुमार की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक उनके होश में आने के लिए तीन से चार दिन का समय लग सकता है।
दरअसल, गंगानगर की कोजी कॉलोनी निवासी एवं गोरखपुर मंडी परिषद में उपनिदेशक प्रवीन और उनकी पत्नी बबीता को मंगलवार शाम उनके नौकर ने कॉफी में जहरीला पदार्थ मिलाकर दे दिया था। दोनों को कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें पत्नी को तो होश आ गया, लेकिन बृहस्पतिवार को पूरे दिन प्रवीण बेहोशी की हालत में रहे।
उनके परिवार से अनुज ने बताया कि चिकित्सकों ने कहा है कि हालत में सुधार में कुछ समय आ सकता है। वहीं, पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद उनके बयानों के आधार पर आगे की विवेचना की जाएगी। हालांकि पुलिस ने बुधवार को ही आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।