मवाना। मोहल्ला मुन्नालाल जाटव धर्मशाला वाली गली में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे मकान का दरवाजा व छज्जा प्रार्थी के मकान की तरफ निकाले जाने और दबंगई दिखाते हुए विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रवेश का आरोप है कि उसके मकान के आगे पड़ोसी का मकान है, जिसके मकान का दरवाजा पहले दूसरी तरफ था। अब वह अपने पुराने मकान को तोड़कर प्रधानमंत्री योजना के तहत नया मकान बना रहा है, जिसमें आरोपी अपने नए मकान का दरवाजा प्रार्थी के मकान की तरफ खोल रहा है और तीन फीट लेंटर प्रार्थी की ओर निकाल रहा है। उसके मकान के सामने की गली मात्र 5 फीट की है, जिससे दोनों मकानों के छज्जे आपस में मिल जाएंगे, जबकि उक्त रास्ते से आरोपी के परिवार का कोई संबंध नहीं है। विरोध करने पर आरोपी ने दबंगता व बदमाशी दिखाते हुए गेट व छज्जा दोनों तरफ निकालने की धमकी दी है। पूर्व में थाना मवाना में दी गई शिकायत पर पुलिस ने मौके पर जाकर मुआयना कर समझाने की कोशिश की थी, लेकिन विपक्षी मानने को तैयार नहीं है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।