मवाना। मवाना तहसील क्षेत्र के गांव महमूदबाद की ग्राम समाज की भूमि पर दबंग द्वारा अवैध कब्जा किए जाने के मामले ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपते हुए भूमि कब्जामुक्त कराने की गुहार लगाई है।
थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव आसिफाबाद निवासी विनोद कुमार ने उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को दिए गए शिकायत पत्र में बताया कि उनकी कृषि भूमि गांव महमूदबाद में स्थित है। इसी गांव में ग्राम समाज की भूमि है, जिस पर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति भूमाफिया प्रवृत्ति का है और दबंगई के बल पर सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए हुए है। विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू होता है और जान से मारने की धमकी देता है। पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कराकर ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए, जिससे सरकारी संपत्ति को बचाया जा सके। उपजिलाधिकारी ने तहसीलदार को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।