यूपी के मुजफ्फरनगर में युवती से छेड़छाड़ के बाद दो संप्रदायों के बीच हुए खूनी संघर्ष में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के घर में घुसकर किए गए हमले में तीन महिलाओं सहित आठ लोग घायल हुए है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों नईम व सुक्का को हिरासत में लिया है।
पढ़ें : सहारनपुर में फिर सांप्रदायिक तनाव, फल की रेहड़ी को लेकर विवाद
मीरापुर क्षेत्र के गांव संभलहेड़ा में घटना के अनुसार शुक्रवार शाम एक धर्मस्थल के निकट से जा रही एक समुदाय की युवती से दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद युवती के परिजनों ने शनिवार सुबह करीब आठ बजे आरोपी युवक के परिजनों से इसकी शिकायत की। इसी दौरान आरोपी के पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से युवती के घर में घुसकर हमला कर दिया। छेड़खानी करने वाला युवक नईम उर्फ नेवला भी घटना में घायल हो गया। घटना की जानकारी पर कई थानों की पुलिस व डायल 100 की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। गंभीर रूप से घायल ओमपाल और अमित को मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। अन्य को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। युवती के भाई ने आरोपी नईम उर्फ नेवला, शुएब, सद्दाम, सलमान पुत्रगण सुक्का, गुलशेर पुत्र यामीन व सुक्का पुत्र काला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ एसकेएस प्रताप और इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/