राष्ट्रमंडल खेलों में मेरठ के रवि कुमार ने दस मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीता है। गोल्ड कोस्ट में रवि कुमार की इस जीत के बाद उनके गांव में खुशी का माहौल है। रवि कुमार मूल रूप से मवाना मेरठ के भैंसा गांव निवासी हैं। उनके पिता अजय कुमार पेशे से किसान हैं। जबकि उनके चाचा डॉ. विजय कुमार ही रवि कुमार की पढ़ाई और शूटिंग को लेकर ज्यादा सक्रिय रहते हैं।
चाचा डॉ. विजय कुमार ने बताया कि हाल में रवि मैक्सिको में आईएसएसएफ विश्व कप सहित अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 20 से ज्यादा पदक जीत चुके हैं। रवि कुमार एयर फोर्स में गाजियाबाद हिंडन में जूनियर वारंट आफिसर पद पर तैनात हैं। वर्ष 2003 से रवि कुमार शूटिंग कर रहे हैं। उनके दादा ओमपाल सिंह प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे। उनके दादा ने ही पंद्रह साल पहले जर्मनी से राइफल मंगाई थी। जिसके बाद रवि कुमार राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगातार 40 से ज्यादा पदक जीत हासिल कर चुके हैं। हालांकि रवि के दादा का पिछले साल स्वर्गवास हो गया था।
पढ़ें : ISSF विश्व कप: शहजर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड, रचा इतिहास