जीजा के साथ वायरल वीडियो पर टिप्पणी की, युवती ने की शिकायत
मेरठ। जीजा के साथ वायरल वीडियो पर टिप्पणी करने पर युवती ने ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत की। माधवपुरम में युवती अपने जीजा के घर आई हुई थी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी की तलाश में तीन जगह दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया।
मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली युवती सामाजिक कार्यकर्ता है। वह ब्रह्मपुरी के माधवपुरम में अपने जीजा के घर आई हुई है। युवती बृहस्पतिवार को ब्रह्मपुरी थाने पहुंची। आरोप लगाया कि उसकी एक वीडियो जीजा के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसे लेकर एक युवक ने अभद्र टिप्पणी की। युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। युवती ने ब्रह्मपुरी थाने में काफी देर तक हंगामा भी किया।
चर्चा रही है कि युवती गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन में भी शामिल रही है। हालांकि ब्रह्मपुरी पुलिस ने इस बात से इंकार किया है कि युवती वह नहीं है जो किसान आंदोलन में रही है। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सुभाष अत्री ने युवती और उसके साथ आए लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। आरोपी पर कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।
सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय का कहना है कि आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी गई। लेकिन वह हाथ नहीं आया। साइबर सेल में भी शिकायत भेजी गई है। उसकी रिपोर्ट के बाद पुलिस विधिवत कार्रवाई करेगी।