बाजार में होली की धूम : इलेक्ट्रिक पिचकारियां, गुलाल सिलिंडर की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बाजारों में होली की धूम है। दुल्हैंडी पर एक दूसरे को रंगने के लिए कई पिचकारी और कलर, गुब्बारे बाजार में उपलब्ध हैं। रंग उड़ाने वाले पटाखे और सिलिंडर की खूब मांग है। बच्चे इन्हें खूब पसंद कर रहे हैं।
शारदा रोड के एक दुकानदार के अनुसार, हाई-प्रेशर इलेक्ट्रिक पिचकारियों की मांग बहुत बढ़ी है। बड़े आकार की और बैटरी से चलने वाली पिचकारियां बच्चों व युवाओं को खूब पसंद आ रही हैं। गुलाल वाले सिलिंडर रंगों के बाजार में एक नया चलन बन गए हैं। सिलिंडर से एक साथ रंग उड़ाने का यह तरीका युवाओं में काफी लोकप्रिय है। हर्बल गुलाल, सुगंधित अबीर और फूलों से बने रंगों की भी अच्छी बिक्री हो रही है। ये उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल और त्वचा के लिए सुरक्षित हैं। बाजारों में 30 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के गुलाल पैकेट उपलब्ध हैं। गुलाल उड़ाने वाली गन भी बाजार में उपलब्ध है।
सुगंधित और हर्बल गुलाल की जबर्दस्त मांग
होली के रंगों के बाजार में इस बार कई नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं। गुलाल वाले सिलिंडर एक प्रमुख आकर्षण हैं, जिनकी कीमत लगभग 1500 रुपये है। युवाओं में एक साथ बड़ी मात्रा में रंग उड़ाने का यह नया चलन लोकप्रिय हो रहा है। पारंपरिक रंगों के अलावा, त्वचा के लिए सुरक्षित हर्बल गुलाल की मांग भी बढ़ी है। सुगंधित अबीर और फूलों से बने प्राकृतिक रंगों की भी अच्छी बिक्री हो रही है।
मिनटों में भर जाएगा गुब्बारों में पानी
पहले गुब्बारों में पानी भरने में घंटो लगते थे लेकिन अब बाजार में मिनटों में भरने वाले गुब्बारों का सैट उपलब्ध है। इसमें पानी की टंकी से मिनटों में गुब्बारे भर जाते हैं। यह 50 से 100 गुब्बारे का सैट होता है। इसकी कीमत 70 से 100 रुपये तक है।