ट्रेन आने से पहले ही यात्रियों को अपने कोच का पला चल सकेगा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रेलवे ने कई वर्षों से चली आ रही कोच डिस्प्ले की मांग पर काम करना शुरू कर दिया है। सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म पर कोच डिस्प्ले सिस्टम लगने शुरू हो गए हैं। जिससे ट्रेन के आने से पहले ही यात्रियों को अपने कोच का पता लग सकेगा। इससे वरिष्ठ नागरिक, महिला और बच्चों को काफी लाभ होगा।
दरअसल ए श्रेणी में शामिल होने के बाद भी सिटी स्टेशन पर कोच डिस्प्ले सिस्टम नहीं था। कई बार आला अधिकारियों के दौरे के समय सवाल किए गए थे। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भी कई बार रेल मंत्रालय को इस संबंध में पत्र लिखा। हर बार टेंडर जारी करने का उत्तर दिया जाता रहा। लेकिन कोरोना काल में ट्रेनें बंद होने पर इस कार्य को शुरू कर दिया गया। जिससे ट्रेनों के शुरू होने पर यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
22-24 कोच की ट्रेनों में होती है दिक्कत
कोच डिस्प्ले सिस्टम न होने से मेरठ से गुजरने वाली 22-24 कोच की ट्रेनों में कोच ढूंढने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मेरठ से गोल्डन टेंपल, कोच्चिवली एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस आदि प्रमुख ट्रेनें गुजरती हैं। इनका स्टॉपेज दो से पांच मिनट हैं। ट्रेन कोच डिस्प्ले सिस्टम न होने से कोच ढूंढने में दिक्कत होती थी। अब यात्री ट्रेन आने से पांच मिनट पहले अपने कोच के सामने खड़े हो जाएंगे।
ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम भी लगने शुरू
इसके साथ ही ट्रेनों के आने और उनके प्लेटफार्म की जानकारी के लिए भी ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम लगने शुरू हो गए हैं। जिससे आसानी से यात्री अपनी ट्रेन का प्लेटफार्म जान सकें। इसके लिए प्रमुख द्वार पर दो सिस्टम लगाए जा रहे हैं। वहीं, तीन प्लेटफार्म पर भी इन्हें लगाए जाने की योजना है। जिससे आसानी से यात्री अपने ट्रेन की स्थिति को समय के साथ चेक कर सकें।