मोदीपुरम। श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सुनील भराला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर सेंट्रल मार्केट मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में बताया गया कि आवास विकास परिषद द्वारा पूर्व में आवंटित आवासीय परिसरों को तत्कालीन अधिकारियों की सहमति से व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित कर लिया गया था। अब करीब 30 वर्ष बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा इन परिसरों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इससे व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
सुनील भराला ने कहा कि इस कार्रवाई से व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस प्रकरण पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पुराने निर्माणों को विधिसम्मत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार उचित निर्देश देती है तो हजारों परिवारों की रोजी-रोटी बचाई जा सकती है। व्यापारी वर्ग मुख्यमंत्री से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है और जल्द राहत की मांग कर रहा है।