सीएम ने मेरठ से हवाई उड़ान के लिए विमानन मंत्री से मांगी मंजूरी
मेरठ। अभी मेरठ से हवाई उड़ान की उम्मीद जिंदा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय नगर विमानन मंत्री हरदीप पुरी से मेरठ में भी एयरपोर्ट के लिए विकास कार्य कराए जाने के लिए कहा है। बृहस्पतिवार को एयरपोर्ट के संबंध में हुई वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में यह बात सामने रखी गईं। जिससे साफ है कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में मेरठ से हवाई उड़ान शामिल है।
पिछले लगभग 10 वर्षों से मेरठ में परतापुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी से हवाई उड़ान का प्लान तैयार किया जा रहा है। लेकिन अभी तक यह प्लान धरातल पर नहीं उतरा है। हालांकि, पिछले दिनों कई बार प्रदेश सरकार के विशेष सचिव ने मेरठ आकर जमीन का ब्योरा तैयार करने के निर्देश एमडीए और प्रशासन को दिए थे। इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) को भी सुपर इंपोज प्लान जिला प्रशासन द्वारा भेजा जा चुका है। एएआई ने उसकी जांच की जिम्मेदारी प्लानिंग सेक्शन को सौंपी थी। अब प्लानिंग सेक्शन अगर उस प्लान पर अपनी मुहर लगा देता है तो मेरठ से प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी के लिए 72 सीटर विमान उड़ान भर पाएंगे।
सुपर इंपोज प्लान में यह भेजा गया
इस प्लान में सरकार के पास कितनी जमीन उपलब्ध है। इसके अलावा कितनी जमीन वन विभाग, एमडीए व अन्य सरकारी विभागों की है तथा किसानों की कितनी जमीन लेने की जरूरत होगी। इसकी रिपोर्ट तैयार की गई थी। शासन से रिपोर्ट को अनुमति मिलने के बाद एएआई को भेजी गई थी, जिससे जमीन की उपलब्धता पर पूरा ड्राफ्ट तैयार हो सके।
2600 मीटर लंबे रनवे की जरूरत
अभी मौके पर हवाई पट्टी 120 मीटर चौड़ी है। इसे 200 मीटर चौड़ा और 2600 मीटर लंबा बनाना होगा। जो सुपर इंपोज प्लान तैयार किया गया है उसमें यही रिपोर्ट दी गई है कि एमडीए, वन विभाग की जमीनों से यह काम पूरा हो सकता है। वहीं, कुछ जमीन किसानों से ली जा सकती है।
अभी तक यह प्रक्रिया हो चुकी, लेकिन अटका है मामला
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत मेरठ में हवाई उड़ान की संभावनाओं में तेजी आई थी। एएआई ने मेरठ सहित देश के 134 हवाई रूटों पर उड़ान के लिए कंपनियों से प्रस्ताव मांगे थे। जिसमें मेरठ-लखनऊ-इलाहाबाद के लिए गुरुग्राम की एयरलाइंस कंपनी जूम एयर ने सिंगल बोली लगाई थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बिड को स्वीकार कर जूम एयर के प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय भेजा। इसके बाद जूम एयर को लेटर ऑफ इंटेंट भी जारी हुआ, लेकिन विकास कार्य पूरे न हो पाने के कारण हवाई उड़ान की उम्मीदें धूमिल रहीं।