सीएम हवाई मार्ग से निकल गए, अमला सड़कों पर दौड़ता रहा
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाया मेरठ शामली जाने और शामली से मेरठ आने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन रविवार को करीब चार घंटे तक एनएच-58 और गंग नगर पटरी पर दौड़ता रहा।
दरअसल मंत्री सुरेश राणा के पिता का निधन होने के चलते मुख्यमंत्री को शामली में श्रद्धांजलि देने पहुंचना था। मुख्यमंत्री का शामली में हेलीकॉप्टर से आगमन कार्यक्रम था। लेकिन रविवार दोपहर सूचना मिली कि खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री गाजियाबाद से शामली सड़क मार्ग से भी जा सकते हैं। जिसके बाद डीएम के. बालाजी और एसएसपी अजय साहनी ने सुरक्षा प्लान तैयार कर सभी अधिकारियों की तैनाती कर दी गई। गंग नहर पटरी भी खाली करा दी गई। इस बीच सूचना मिली कि मुख्यमंत्री गंग नहर पटरी मार्ग से नहीं एनएच-58 से गाजियाबाद से मोदीनगर परतापुर बाईपास से सरधना फ्लाईओवर से सीधे शामली जाएंगे। जिसके बाद फिर से अधिकारियों की तैनाती बदली गई। दोपहर तीन बजे खबर मिली कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से शामली जा रहे हैं।
इसके बाद सूचना मिली कि मुख्यमंत्री पूर्व शिक्षक एमएलसी ओमप्रकाश शर्मा को श्रद्धांजलि देने मेरठ आ सकते हैं। जिसके बाद फिर से अफसरों ने भागदौड़ शुरू कर दी। उनके पूरे संभावित रूट पर साफ सफाई कराते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीएम के शिक्षक नेता की अंत्येष्टि में शामिल होने की संभावना के तहत निगम अधिकारियों ने सूरजकुंड श्मशान घाट की भी विशेष सफाई कराई। नगर आयुक्त मनीष बंसल स्वयं पूरे रूट की सफाई का निरीक्षण करते रहे। शाम को जब मुख्यमंत्री शामली से हवाई मार्ग से हिंडन एयरबेस पहुंचे तब पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।