तहसील के निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर डीएम ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। जिलाधिकारी ने मवाना तहसील व ब्लाक का वार्षिक निरीक्षण किया। तहसील भवन के रखरखाव ठीक नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। तहसीलदार न्यायालय में वाद लंबित होने पर तहसीलदार को चेताया गया। लिपिक को निलंबित करने की चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी डाॅ. वी के सिंह दोपहर में तहसील पहुंचे और तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। तहसीलदार निरंकार सिंह के न्यायाल में वाद लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की और उनको वादों का शीघ्रता से निस्तारण करने की चेतावनी दी। तहसीलदार न्यायालय में फाइलों का रखरखाव ठीक से नहीं होने पर लिपिक को निलंबित करने की चेतावनी दी। उन्होंने एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश को भी नियमित लंबित मुकदमों की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। लेखपाल कानूनगो, नायब तहसीलदार को कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए। 4, 7 तारीख को बैनामे न होने, खाद के गड्ढे की जमीन पर मकान बनाने के वाद पर कार्यवाही नहीं होने से नाराजगी जताई। डोलबंदी रजिस्टर में आरआई का नाम व नंबर अंकित नहीं करने पर आरसी राहुल को फटकार लगाई।
शिकायतकर्ता से फोन करके ली जानकारी
इसके बाद ब्लॉक पहुंचकर वहां पर निरीक्षण किया। निरीक्षण में आईजीआरएस पोर्टल शिकायत करने वाले गांव खाता निवासी यशपाल से फोन करके जानकारी की और विवरण मांगा। इसकी जांच परियोजना निदेशक सुनील कुमार को दी। स्टॉक रजिस्टर चैक किया, स्टॉक रजिस्टर अपूर्ण मिलने पर बीडीओ को जांच के निर्देश दिए। प्रधान लिपिक ब्लाक में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या तक नहीं दिखाने पर रिकार्ड पूर्ण करने की चेतावनी दी। खंडहर भवन बिल्डिंग को तुड़वाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।