सरधना। स्वच्छता सर्वेक्षण और नागरिक फीडबैक को लेकर शुक्रवार को नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग उत्तर प्रदेश शासन की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने की।
बैठक में नगर पालिका चेयरपर्सन सबीला बेगम ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों से अधिक से अधिक फीडबैक प्राप्त करने के लिए सफाई नायकों, वसूलीकर्ताओं और एसबीएम सेल की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेयरपर्सन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए बताया कि अमित पार्चा और उनकी टीम के साथ एसबीएम सेल की हुमा कुरैशी व उनकी टीम प्रतिदिन 100 से अधिक नागरिक फीडबैक जुटा रही है। इससे नगर पालिका की स्थिति मजबूत हो रही है। वहीं लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। बताया कि शून्य फीडबैक देने वाले 12 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
चेयरपर्सन ने कहा कि स्वच्छता अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगरवासियों से स्वच्छता एप डाउनलोड कर नगर पालिका को अधिक से अधिक फीडबैक देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही सरधना को स्वच्छता में बेहतर स्थान दिलाया जा सकता है।