वार्ड-5 स्थित पाल कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। नगर पंचायत सिवाल खास के वार्ड-5 स्थित पाल कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों के कड़े रुख के बाद प्रशासन हरकत में आया है। ग्रामीणों द्वारा शनिवार को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन की चेतावनी के बाद, नगर पंचायत की टीम ने मुख्य मार्ग पर सफाई अभियान शुरू कर दिया।
नगर पंचायत सिवाल खास के पाल कॉलोनी के निवासियों ने आरोप लगाया था कि मुख्य मार्ग पर जलभराव के कारण मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का निकलना दूभर हो गया है। जलभराव की वजह से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे थे। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर, आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को सामूहिक धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। ग्रामीणों की एकजुटता और प्रदर्शन की चेतावनी का असर शनिवार सुबह ही देखने को मिला। नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने मुख्य मार्ग पर पहुंचकर जोरदार अभियान चलाया और नालियों की सफाई के साथ जल निकासी का कार्य शुरू किया। अधिशासी अधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया था कि यदि अब भी स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। भाजपा नेता मनिंदरपाल सिंह, स्थानीय निवासी अमित पाल, योगेंद्र चौहान और अन्य मोहल्लेवासियों का कहना है कि वर्तमान में सफाई कार्य तो शुरू हुआ है, लेकिन उनकी मांग मार्ग के स्थायी निर्माण और जल निकासी की सुदृढ़ व्यवस्था को लेकर है, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो।