जिला जेल में बंदियों में मारपीट
रविवार की शाम खाना खाने को लेकर हुआ झगड़ा
जेल अधीक्षक ने कराया मामला शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। गांव अब्दुलपुर स्थित बागपत जिला जेल में मारपीट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। रविवार की शाम खाना लेते समय बंदियों के बीच मारपीट हो गई। बंदी रक्षकों ने बीच में घुसकर बंदियों को अलग किया। जेल अधीक्षक ने बंदियों ने कटी फटकार लगाई और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिला जेल में रविवार की शाम खाना लेते समय बंदियों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ा तो कहासुनी मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते बंदियों में लात घूंसे शुरू हो गए। वहां तैनात बंदी रक्षकों ने बीच में घुसकर मारपीट कर रहे बंदियों को किसी तरह अलग किया। सूचना पर पहुंचे जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि बैरक नंबर एक और दो के बंदियों में मारपीट हुई है। सूचना मिलते ही उनको अलग करा दिया गया। कड़ी चेतावनी भी दी गई। बता में मुन्ना बजरंगी हत्याकांड के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे है। बंदियों में मारपीट के भी मामले सामने आते रहे है।