संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला(मेरठ )। दिल्ली-दून हाईवे पर गरम धरम होटल के पास रविवार देर रात बाइक की टक्कर को लेकर पैदल और बाइक सवार कांवड़ियों के दो गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के भेष में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दौराला भेजा।
नई दिल्ली के देवली कॉलोनी निवासी विकास मिश्रा हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दौराला थाना क्षेत्र में हाईवे पर गरम धरम होटल के सामने गौतमबुद्धनगर के बिसरख निवासी सोनू यादव और उसका साथी गुड्डू बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। आरोप है कि उनकी बाइक विकास की कांवड़ से टकरा गई, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
मारपीट होती देख कांवड़ियों के वेश में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कांवड़ियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और हेड कांस्टेबल के साथ भी अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की व मारपीट कर दी। घटना में हेड कांस्टेबल समेत कुछ कांवड़ियों को भी चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची दौराला पुलिस ने मौके से एक बाइक और एक स्कूटी कब्जे में ली तथा घायल सोनू, आयुष, सागर, विकास और गुड्डू को सीएचसी दौराला पहुंचाया, जहां सभी का उपचार कराया गया। पूछताछ में सामने आया कि बाइक सवार कांवड़िए हरिद्वार जाते समय एक ढाबे पर अपना बैग भूल गए थे। बैग लेने के लिए वे वापस कांवड़ मार्ग पर लौटे, तभी यह विवाद हो गया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि कांवड़ियों के बीच विवाद के दौरान बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई थी। मौके से लावारिस बाइक और स्कूटी बरामद की गई। कांवड़ यात्रा को देखते हुए दोनों पक्षों को चेतावनी देकर उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया।
-