- घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नवाबगढ़ी गांव में उधार के चार हजार रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष ने घर में घुसकर पंच से हमला करने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
नवाबगढ़ी निवासी नफीस पुत्र यासीन ने तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर वह घर पर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के आदिल और दानिश तथा आबिद अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ लाठी-डंडे और पंच लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे खींचकर रास्ते पर ले गए और पीटा। नफीस का आरोप है कि आदिल ने पंच से उसके चेहरे पर कई वार किए, जिससे आंख के पास चोट आई।
वहीं, दूसरे पक्ष के आबिद ने तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब चार बजे नफीस से उसने अपने उधार के चार हजार रुपये मांगे थे। आरोप है कि इस पर नफीस गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आया और लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे बचाया। आरोप है कि नफीस जान से मारने की धमकी देकर चला गया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।