- चौकी प्रभारी की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट, पथराव और फायरिंग का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। रसूलपुर मढ़ी गांव में चबूतरे को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में बुधवार को दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रोहटा चौकी प्रभारी गौरव तिवारी की तहरीर पर ग्राम प्रधान पति समेत छह नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रसूलपुर मढ़ी गांव में ग्राम प्रधान पति दीपक और पड़ोसी आशु पक्ष के बीच चबूतरे को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार दोपहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। इस दौरान ग्राम प्रधान पति की स्कॉर्पियो के शीशे भी टूट गए। वहीं, एक पक्ष पर अवैध हथियार से हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है।
संघर्ष में दोनों पक्षों के दीपक, आशु, अंकुर, मनोज, हेम सिंह और विकल समेत कई लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। रोहटा चौकी प्रभारी गौरव तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने दीपक, मुकेश, जसवीर उर्फ जस्सी, जयवीर, अंकुर और मनोज समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल में दबंगों पर प्रधान पति को मारने के प्रयास का आरोप
मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र में रसूलपुर मढ़ी में बुधवार को महिला प्रधान व उसके पड़ोसियों के बीच चबूतरा बनाने को लेकर विवाद हो गया था। हमले में प्रधान का पति दीपक व अन्य चोट लगने से घायल हो गए थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि कार से पहुंचे दबंग लाठी-डंडों से लैस होकर इमरजेंसी वार्ड में घुसने का प्रयास करने लगे और प्रधान पति को जान से मारने की धमकी दी। घटना से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने थाना देहलीगेट में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रसूलपुर मढ़ी निवासी मुकेश कुमार ने देहली गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 22 जुलाई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसके भाई दीपक पर गांव के ही अंकुर, रामिष्ठा, आशीष समेत अन्य लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर किया था। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान आरोपी पक्ष के आशु, रिमांशु, हर्ष, अपर्ण और आकाश सहित कई लोग कार से जिला अस्पताल पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे थे। आरोपियों ने प्रधान पति को बाहर निकालकर जान से मारने की धमकी दी तथा इमरजेंसी वार्ड में जबरन घुसने का प्रयास किया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।