संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बिनौली रोड स्थित एक इंटर कॉलेज के बाहर बुधवार को छुट्टी के बाद छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के छात्रों में जमकर लात-घूंसे चले। अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि कॉलेज की छुट्टी होने के बाद छात्र बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के छात्रों में कहासुनी हो गई। पहले दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई और कुछ ही देर में छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए। मारपीट होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया।
सूचना मिलने पर सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक छात्र वहां से जा चुके थे। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली और विवाद के कारणों की जांच शुरू कर दी। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।