हस्तिनापुर। कस्बे की डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप भारद्वाज ने आईजीआरएस के माध्यम से बिना मान्यता के संचालित स्कूलों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजी है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उधम सिंह चौक के समीप स्थित एक विद्यालय में बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, लेकिन इसके संचालन से संबंधित आवश्यक मान्यता, भवन की वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि विद्यालय किसके नाम से संचालित है। अथवा अन्य किसी प्रकार की अनुमति या पंजीकरण है या नहीं, इसकी जांच कराई जाए। भवन निर्माण एवं संचालन की स्वीकृति, अग्निशमन विभाग की एनओसी, विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र, आपातकालीन निकास व्यवस्था और खेल मैदान की उपलब्धता की भी जांच कराने की मांग की गई है। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए संयुक्त जांच टीम गठित कर मौके पर जांच कराने और अनियमितता मिलने पर विद्यालय का संचालन बंद कराने की मांग की है।