पथराव में चार लोग हुए घायल, लोहिया नगर पुलिस कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। फतेहउल्लापुर रोड पर कहासुनी को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। लोहियानगर थाने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहउल्लापुर रोड निवासी अब्दुल रहमान ने बताया कि चार दिन पहले उसके भाई सुएब का झगड़ा मोहल्ले के ही महराज से हो गया। महराज ने अपने भाई लंबू फिरोज, रिहान व माजिद के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। रविवार दोपहर अब्दुल रहमान अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान चारों आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचे तथा अब्दुल रहमान से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर अब्दुल रहमान के परिजन और अन्य लोग आ गए। दोनों पक्षों में इसके बाद जमकर मारपीट हुई और पथराव हुआ। अब्दुल रहमान व उसका भाई घायल हो गया। दूसरे पक्ष से लंबू फिरोज व रिहान घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को प्यारे लाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अब्दुल रहमान की तहरीर पर महराज व उसके तीन भाइयों व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।