सरधना। मोहल्ला गोमती नगर में पानी आपूर्ति की समस्या के बाद बोरवेल चेक करती पालिका टीम। संवाद
- तकनीकी खराबी दूर होने पर बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में पानी नहीं पहुंचने से लोगों को हैंडपंप और निजी बोरवेल के सहारे दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ीं। तकनीकी खराबी दूर होने के बाद रविवार को नगर पालिका ने जलापूर्ति बहाल कर दी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका के अनुसार पालिका परिसर, संत चार्ल्स चौराहा और टंकी परिसर स्थित नलकूपों पर बार-बार बिजली का फेज गायब होने से जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। इसके चलते नगर के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय पानी की आपूर्ति बाधित रही। पेयजल संकट गहराने पर लोगों ने नगर पालिका से शिकायत कर जल्द समाधान की मांग की।
शिकायत मिलने पर पालिका अधिकारियों और तकनीकी टीम ने प्रभावित नलकूपों का निरीक्षण किया। जांच में बिजली संबंधी तकनीकी खराबी सामने आने पर उसे दूर कराया गया। इसके बाद जलापूर्ति फिर से सामान्य हो गई। जलापूर्ति बहाल होने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली और नियमित पानी की आपूर्ति बनाए रखने की मांग की।
चेयरपर्सन सबीला बेगम ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान करा दिया गया है। नगर में अगले 48 घंटे तक निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा न आए।