मेरठ। चाइल्ड पोर्नोग्राफी के मामले में लोहियानगर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। उस पर सोशल मीडिया व अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों से जुड़े पोर्न वीडियो अपलोड करने का आरोप है।
पुलिस ने यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय की साइबर टीपलाइन की ओर से भेजी गई सूचना के आधार पर की है। साइबर टीपलाइन पर सूचना दी गई थी कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री अपलोड कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। रिपोर्ट में दिए गए मोबाइल नंबर की जानकारी टेलीकॉम कंपनी से ई-मेल के जरिए मांगी गई थी।
इसके आधार पर जाकिर कॉलोनी निवासी सादिक के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67बी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। इस कानून के तहत बच्चों से संबंधित किसी भी तरह की पोर्नोग्राफी सामग्री का निर्माण, वितरण या इसे सार्वजनिक रूप से अपलोड करना गंभीर अपराध है। इसके लिए सख्त सजा का भी प्रावधान है। इससे पहले इंचौली थाने में 30 नवंबर को मवाना रोड निवासी अदीप के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।